DEVELOPMENT

उपायुक्त का क्षेत्र भ्रमण : धालभूम प्रखंड के मौदाशोली व महुलीशोल पंचायत में सरकारी योजनाओं का निरीक्षण

By ANAND KISHOR KISHOR • 2026-03-17 11:15 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
उपायुक्त का क्षेत्र भ्रमण : धालभूम प्रखंड के मौदाशोली व महुलीशोल पंचायत में सरकारी योजनाओं का निरीक्षण
धालभूम प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को मौदाशोली पंचायत के चीरूगोड़ा गांव तथा महुलीशोल पंचायत के बिहिन्दा गांव का क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने मौदाशोली पंचायत के चीरूगोड़ा गांव में सिनी टाटा ट्रस्ट के सहयोग से संचालित सोलर आधारित पेयजलापूर्ति योजना का अवलोकन किया। इस योजना के तहत गांव के लगभग 35 घरों में 24×7 जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने योजना के संचालन एवं रख-रखाव के लिए गठित जल नल समिति के सदस्यों से बातचीत कर योजना के सुचारू संचालन पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित पॉली हाउस का निरीक्षण किया, जहां मृदा रहित तकनीक से सब्जियों की नर्सरी तैयार की जा रही है। उपायुक्त ने सोलर आधारित माइक्रो लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से लगभग 5 एकड़ भूमि में हो रही सब्जी खेती तथा मशरूम उत्पादन का भी अवलोकन किया और किसानों को प्रोत्साहित किया। गांव में स्वच्छता माहवारी अभियान के तहत ग्रामीणों द्वारा स्थानीय तकनीक से सैनेटरी पैड निस्तारण की अपनाई गई अभिनव विधि की भी उपायुक्त ने सराहना की और इसे अन्य क्षेत्रों में भी अपनाने योग्य पहल बताया। धालभूमगढ़ में आदिवासी नारी उत्थान आजीविका प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा लगभग 3000 महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इसके अतिरिक्त महुलीशोल पंचायत के बिहिन्दा गांव में स्थापित मल्टी विलेज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्लांट परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड प्रशासन के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। रिपोर्ट : आनंद किशोर