LATEST NEWS

सोलर पैनल क्षतिग्रस्त होने से पेयजल संकट गहराया, बीडीओ को सौंपा आवेदन

By RAKESH KUMAR SINGH • 2026-06-02 10:42 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
सोलर पैनल क्षतिग्रस्त होने से पेयजल संकट गहराया, बीडीओ को सौंपा आवेदन
पलामू जिला के मोहम्मदगंज स्टेशन रोड स्थित जगदेव चौक के पास बने जलमीनार का सोलर पैनल तेज आंधी-तूफान में क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि 29 मई की सुबह आई तेज आंधी-तूफान के दौरान जलमीनार का सोलर पैनल स्टैंड सहित गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद जलमीनार का मोटर बंद हो गया, जिससे बाजार क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। उक्त जलमीनार से आसपास के दुकानदारों, ग्रामीणों के साथ-साथ पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी पेयजल की आपूर्ति होती है। समस्या के समाधान को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मदगंज को आवेदन सौंपकर जलमीनार के सोलर पैनल की शीघ्र मरम्मत कराने अथवा नया सोलर पैनल लगवाने की मांग की है। साथ ही इसकी जानकारी मुखिया कमला देवी, प्रखंड प्रमुख अर्चना देवी तथा जिला पार्षद अंजू देवी को भी दी गई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनहित को देखते हुए प्रशासन जल्द पहल करेगा और पेयजल आपूर्ति बहाल कर लोगों को राहत मिलेगी।