LATEST NEWS

‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया सामूहिक जन्मोत्सव

By ANAND KISHOR KISHOR • 2026-05-14 12:56 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया सामूहिक जन्मोत्सव

चक्रधरपुर (पश्चिमी सिंहभूम):

बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत जिले भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में चक्रधरपुर प्रखंड के कुदलीबाड़ी और भलियाकुदर आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘बाल भोज-सह-जन्मोत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (पोड़ाहाट), अंचल अधिकारी (चक्रधरपुर) तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (चक्रधरपुर) उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मई माह में जन्म लेने वाले बच्चों के साथ केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उपहार वितरित किए। इस अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह देखा गया।

प्रशासन के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट बचपन’ का उद्देश्य जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का सामूहिक जन्मदिन मनाकर बच्चों और समुदाय के बीच सकारात्मक जुड़ाव बढ़ाना है।

कार्यक्रम के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए विशेष ‘बाल भोज’ का आयोजन किया गया, जिसमें पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन परोसा गया। अधिकारियों ने बच्चों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी भी ली।

इस दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं को निर्देश दिए गए कि बच्चों को निर्धारित मैन्यू के अनुसार स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार, ‘प्रोजेक्ट बचपन’ के तहत प्रत्येक माह की 14 तारीख को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यदि उस दिन अवकाश रहेगा, तो कार्यक्रम अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में मदद मिल रही है।