LATEST NEWS

छत से गिरने से पत्रकार की मौत, क्षेत्र में शोक का माहौल

By RAKESH KUMAR SINGH • 2026-05-28 17:49 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
छत से गिरने से पत्रकार की मौत, क्षेत्र में शोक का माहौल

पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कादल कुर्मी गांव निवासी 54 वर्षीय पत्रकार विनय कुमार की मौत बुधवार देर रात एक रिश्तेदार के घर की छत से गिरने के कारण हो गई। यह घटना मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड संख्या 04 स्थित गहिड़ी गांव के गढ़ौटा टोला की बताई जा रही है।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे लोगों को मिली। सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक वृज कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनय कुमार बुधवार रात करीब 11:30 बजे अपने मझिआंव खुर्द स्थित घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर रिश्तेदार बिकेंद्र कुमार चंद्रवंशी के घर गए थे। रात में वे घर की छत पर सोए थे।

बताया जा रहा है कि सुबह जब उनके साथ सो रहे लोगों की नींद खुली तो विनय कुमार वहां मौजूद नहीं थे। बाद में घर के नीचे उन्हें घायल अवस्था में पड़े देखा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि देर रात उठने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे छत से नीचे गिर गए। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद उनके माथे और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।