LATEST NEWS

मसूरी में व्यवस्था सुधार की दिशा में नगर पालिका की बड़ी पहल, FASTag व्यवस्था के साथ सफाई और अवैध पार्किंग पर भी सख्त रुख

By RAJAT AIKANT SHARMA SHARMA • 2026-06-28 08:45 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
मसूरी में व्यवस्था सुधार की दिशा में नगर पालिका की बड़ी पहल, FASTag व्यवस्था के साथ सफाई और अवैध पार्किंग पर भी सख्त रुख
मसूरी। पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक, सफाई व्यवस्था और अवैध पार्किंग जैसी समस्याओं के समाधान की दिशा में नगर पालिका परिषद ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एक ओर कोल्हूखेत इको बैरियर और मॉल रोड प्रवेश बैरियर पर FASTag आधारित शुल्क प्रणाली लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा अवैध पार्किंग पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि आगामी तीन माह के भीतर कोल्हूखेत इको बैरियर और माल रोड प्रवेश बैरियर पर FASTag आधारित शुल्क प्रणाली लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लागू होने से बैरियरों पर लगने वाली लंबी कतारों और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों के लिए विशेष पास जारी किए जाएंगे, जबकि इको शुल्क से होने वाली आय का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से संधारित किया जाएगा और उसे सार्वजनिक भी किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि कोल्हूखेत बैरियर पर अलग-अलग लेन विकसित की जाएंगी, जिनमें FASTag वाहनों, स्थानीय निवासियों तथा दोपहिया वाहनों के लिए पृथक व्यवस्था होगी, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित सफाई एजेंसी को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं तथा नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि एजेंसी निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करती है तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार नोटिस जारी करने से लेकर टेंडर निरस्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। नगर हित, स्वच्छता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके साथ ही पालिका अध्यक्ष ने होटलों, होमस्टे एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों की अवैध पार्किंग पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा| नगर पालिका का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, पारदर्शिता बढ़ाना तथा स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों दोनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अब सभी की निगाहें इन घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेंगी।