LATEST NEWS

जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं, कदमा की दिव्यांग ममता को मिली ई-ट्राई साइकिल

By ANAND KISHOR KISHOR • 2026-05-08 17:58 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं, कदमा की दिव्यांग ममता को मिली ई-ट्राई साइकिल
जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान अवैध रूप से मिनी बस संचालन, रोजगार उपलब्ध कराने, निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटा के तहत नामांकन, बिल्डर के खिलाफ शिकायत, केसीसी ऋण, जमीन को कब्जा मुक्त कराने, मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने, आवास योजना, जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने, एसटी/एससी/ओबीसी छात्रवृत्ति, स्कूल फीस माफी, सड़क निर्माण कार्य में बाधा, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना, फ्लैट पर अवैध कब्जा, जमीन विवाद, राशन कार्ड, दुकान आवंटन, वृद्धा पेंशन समेत कई अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा सामाजिक एवं जनहित से जुड़े ज्ञापन और मांगपत्र भी प्रशासन को सौंपे गए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने तथा पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान कदमा शास्त्रीनगर निवासी दिव्यांग ममता कुमारी ने ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त के निर्देश पर तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए ममता कुमारी को ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ई-ट्राई साइकिल प्राप्त करने के बाद ममता कुमारी और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।