BUSINESS NEWS

साकची में ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का शुभारंभ स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को मिलेगा सशक्त बाजार मंच

By ANAND KISHOR KISHOR • 2026-03-20 18:54 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
साकची में ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का शुभारंभ स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को मिलेगा सशक्त बाजार मंच
जमशेदपुर के साकची स्थित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में जिला प्रशासन की पहल पर दो मंजिला ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का भव्य शुभारंभ उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) एवं छोटे उद्यमियों को उनके पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि यह मार्ट स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से कारीगर और उद्यमी सीधे ग्राहकों से जुड़ सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित “जीवेदोक अभियान” के तहत महिलाओं एवं उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर दिया जा रहा है। यह पहल स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। कार्यक्रम के दौरान गुमला जिला के पालकोट प्रखंड अंतर्गत बघिमा महिला विकास मंडल की महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक कहानी साझा की। ‘जमशेदपुर हाट’ के भूतल पर पलाश मार्ट एवं सेरांग, जबकि प्रथम तल पर दीदी कैफे संचालित किया गया है। पलाश मार्ट में महिला समूहों द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट, पाईटकर पेंटिंग, सेनेट्री उत्पाद, प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री, तेल, मधु आदि उपलब्ध होंगे। सेरांग में बोड़ाम क्षेत्र के अंधारझोर में बने पारंपरिक वाद्य यंत्र जैसे तबला, मांदर, ढोलक, नगाड़ा एवं डमरू की प्रदर्शनी व बिक्री होगी। दीदी कैफे में स्थानीय पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा, जिसमें स्टीम आधारित भोजन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्री अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय एवं डीपीएम जेएसएलपीएस श्री सुजीत बारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। Report Anand kishor