LATEST NEWS

घायल गुलदार को पकड़ने के दौरान वनकर्मी घायल, ढाई घंटे बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू

By SATYAVIR SINGH • 2026-06-17 12:32 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
घायल गुलदार को पकड़ने के दौरान वनकर्मी घायल, ढाई घंटे बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू

बिजनौर (अफजलगढ़), 16 जून। ब्लॉक अफजलगढ़ के ग्राम उधोवाला में मंगलवार को एक घायल गुलदार को पकड़ने के दौरान वन विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया। वन विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे के अभियान के बाद गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव उधोवाला में एक घायल गुलदार दिखाई देने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी नगीना प्रदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान गुलदार ने वनकर्मी मुजीब अहमद पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल वनकर्मी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार लगभग तीन वर्ष का नर है और वह घायल अवस्था में था। रेस्क्यू के बाद गुलदार को वन विभाग की निगरानी में रखा गया है तथा उसका उपचार कराया जा रहा है।

गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, जिसके कारण देहरादून-नैनीताल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को सुचारु कराया।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।