LATEST NEWS

हुसैनाबाद में मुखिया प्रतिनिधि की गिरफ्तारी को लेकर विवाद, मुखिया संघ ने एसडीपीओ को सौंपा ज्ञाप

By RAKESH KUMAR SINGH • 2026-05-30 12:56 • 4 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
हुसैनाबाद में मुखिया प्रतिनिधि की गिरफ्तारी को लेकर विवाद, मुखिया संघ ने एसडीपीओ को सौंपा ज्ञाप

पलामू। हुसैनाबाद अंचल थाना क्षेत्र के कुर्मीपुर पंचायत की मुखिया रीना कुमारी के पति अजय राजवंशी तथा अन्य दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है। शुक्रवार को मुखिया संघ के प्रतिनिधियों, पंचायत के लोगों तथा राजवंशी समाज के सदस्यों ने अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिव्यांश शुक्ला को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

ज्ञापन में मुखिया रीना कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके पति तथा अन्य लोगों को अवैध खनन के मुद्दे पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ थाना स्तर पर उचित व्यवहार नहीं किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि अवैध खनन से संबंधित शिकायतें पूर्व में विभिन्न अधिकारियों को दी गई थीं, जिन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

मुखिया संघ के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी के कार्य व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी शिकायतों और मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

वहीं, एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि उन्हें ज्ञापन प्राप्त हुआ है और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। उन्होंने पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार और फर्जी मुकदमे के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है तथा किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

एसडीपीओ ने कहा कि संबंधित पक्षों को पहले भी समझाया गया था कि किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि खनन संबंधी शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। बिना आवश्यक स्वीकृतियों के खनन संबंधी आरोपों की जांच सक्षम विभागों द्वारा की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुखिया संघ के प्रतिनिधियों सहित पंचायत के अनेक लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।