LATEST NEWS

25 हजार वोल्ट वाले OHE पोल पर चढ़कर युवक ने बनाई रील, वीडियो वायर

By VISHVAJEET SINGH • 2026-05-29 15:03 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
25 हजार वोल्ट वाले OHE पोल पर चढ़कर युवक ने बनाई रील, वीडियो वायर

गाजीपुर।

जनपद के सुहवल थाना क्षेत्र के अंतर्गत तारीघाट रेलवे स्टेशन यार्ड परिसर में एक युवक द्वारा 25 हजार वोल्ट प्रवाहित ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) पोल पर चढ़कर रील बनाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार लगभग 22 वर्षीय युवक ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए रेलवे यार्ड क्षेत्र में स्थित OHE पोल पर चढ़कर वीडियो और फोटो बनाए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक बाइक खड़ी कर प्लेटफॉर्म संख्या-2 की ओर गया और अचानक पोल पर चढ़ गया।

घटना के दौरान रेलवे कर्मियों, यात्रियों और स्थानीय लोगों ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की। काफी देर बाद युवक स्वयं नीचे उतर आया और वहां से चला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के दौरान ट्रेन संचालन प्रभावित नहीं हुआ। स्टेशन उप प्रबंधक अरुण भूषण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है।

वहीं रेलवे सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया रील या वीडियो बनाने के लिए रेलवे परिसर और विद्युत पोल जैसी खतरनाक जगहों पर स्टंट न करें, क्योंकि इससे जान को गंभीर खतरा हो सकता है।