LATEST NEWS

जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि का किया औचक निरीक्षण, सीमांकन और तालाब सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश

By ANKIT PAHARIYA • 2026-06-08 11:49 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि का किया औचक निरीक्षण, सीमांकन और तालाब सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
 

चित्रकूट। जिले में सरकारी भूमि के संरक्षण और उनके समुचित विकास के उद्देश्य से रविवार को जिलाधिकारी (डीएम) पुलकित गर्ग ने बूढ़ा हनुमान मंदिर के समीप स्थित गाटा संख्या 1357 का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी ने जिलाधिकारी को बताया कि संबंधित भूखंड राजस्व अभिलेखों में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। भूमि की स्थिति का अवलोकन करने के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राजस्व टीम द्वारा गाटा संख्या की पैमाइश कराई जाए तथा उसका नजरी नक्शा तैयार किया जाए। साथ ही, संभावित अतिक्रमण को रोकने के लिए भूमि की फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह भूखंड महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। प्रशासन द्वारा भविष्य में आवश्यकता के अनुसार इस भूमि का उपयोग पर्यटन विकास अथवा अन्य जनोपयोगी परियोजनाओं के लिए किया जा सकता है।

इसके बाद उन्होंने ग्राम रानीपुरभट स्थित गाटा संख्या 304 (तालाब) का निरीक्षण किया। तालाब की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई कराने तथा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार कर उसके क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार, तहसीलदार कर्वी चंद्रकांत तिवारी सहित राजस्व विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।