LATEST NEWS

संघर्षों को पार कर सेना तक पहुंचा डीहीपारा का बेटा, किसान परिवार के श्रवण मरकाम का अग्निवीर में चय

By HEMENDRA KUMAR BAIDH • 2026-05-29 13:59 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
संघर्षों को पार कर सेना तक पहुंचा डीहीपारा का बेटा, किसान परिवार के श्रवण मरकाम का अग्निवीर में चय

बड़ेराजपुर/डीहीपारा

कड़ी मेहनत, संघर्ष और अटूट हौसले के दम पर कोंडागांव जिले के बड़ेराजपुर क्षेत्र के ग्राम डीहीपारा निवासी किसान परिवार के बेटे श्रवण कुमार मरकाम का भारतीय सेना के अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। साधारण परिवार से आने वाले श्रवण की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

श्रवण ने वर्ष 2022 में सेना में भर्ती होने का सपना लेकर तैयारी शुरू की थी। लगातार मेहनत के बाद उन्हें वर्ष 2024 में परीक्षा देने का अवसर मिला, लेकिन वे अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना सके। इस असफलता से वे कुछ समय के लिए निराश जरूर हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोगुने उत्साह के साथ तैयारी जारी रखी।

वर्ष 2025 में उन्होंने फिर से कड़ी मेहनत और लगातार प्रयास के बल पर सफलता हासिल की। आर्थिक अभावों के बावजूद उनके पिता बालसिंह मरकाम और माता कौशिल्य मरकाम ने उनका मनोबल टूटने नहीं दिया। परिवार के संघर्ष और सहयोग के बीच श्रवण ने अपने लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा। उनके मामा सुग्रीव वट्टी ने भी हर कदम पर मार्गदर्शन और सहयोग दिया।

जगदलपुर में आयोजित चयन प्रक्रिया में श्रवण कुमार मरकाम का चयन इंडियन आर्मी अग्निवीर के लिए हुआ। चयन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

श्रवण ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, मामा और कठिन समय में मिले मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा,

“अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो असफलता भी एक दिन सफलता में बदल जाती है।”

डीहीपारा का यह युवा अब देश सेवा के लिए तैयार है और उसकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।