LATEST NEWS

डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल में साइबर सिक्योरिटी डे का आयोजन

By ASHUTOSH KUMAR MAIRH • 2026-06-25 11:58 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल में साइबर सिक्योरिटी डे का आयोजन

रांची, 24 जून 2026: डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल में आज साइबर सिक्योरिटी डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड पुलिस सीआईडी के डीएसपी प्रदीप चौधरी मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल जागरूकता से संबंधित जानकारी दी। उनके साथ सीआईडी विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. के. शर्मा द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल युग में सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की तथा कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सीआईडी टीम का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, बरीयातू के प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया और आयोजन की सराहना की।

सेमिनार में लगभग 500 विद्यार्थियों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया। इसके अलावा कार्यक्रम की रिकॉर्डेड क्लिप्स और जागरूकता सामग्री के माध्यम से लगभग 3000 विद्यार्थियों तक साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेश पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने उत्तर दिया। अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।