LATEST NEWS

अंबेडकरनगर में सैनिक बंधु बैठक सम्पन्न, 4 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, विभिन्न निर्देश जारी

By PRADEEP SINGH • 2026-04-30 18:35 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
अंबेडकरनगर में सैनिक बंधु बैठक सम्पन्न, 4 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, विभिन्न निर्देश जारी

अंबेडकरनगर:
जिलाधिकारी के निर्देश पर एनआईसी सभागार में सैनिक बंधु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) और कर्नल बी.के. शुक्ला के संरक्षण में की गई। इसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा केंद्रीय सैनिक बोर्ड, राज्य सैनिक बोर्ड एवं अन्य मुख्यालयों से प्राप्त पत्रों और नीतिगत दस्तावेजों पर चर्चा की गई।

पिछली बैठक में प्राप्त कुल 5 प्रार्थना पत्रों में से 4 का निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष 1 प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई जारी है।

गन लाइसेंस के नवीनीकरण और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) से संबंधित मामलों में निर्देश दिए गए कि जिन पूर्व सैनिकों को एनओसी प्राप्त नहीं हुई है, वे अपने दस्तावेज संबंधित अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। हथियार जमा कराने के लिए भी आवश्यक आवेदन देने को कहा गया।

जिला सैनिक कार्यालय और विश्राम गृह का निर्माण कार्य अनुबंध के अनुसार 31 मार्च 2026 तक पूरा होना था, जिसे अब मई 2026 तक पूर्ण किए जाने की संभावना है। इस भवन की देखरेख के लिए संविदा पर एक चौकीदार की भर्ती की जाएगी।

इसके लिए पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से 30 अप्रैल 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। यदि पर्याप्त आवेदन प्राप्त नहीं होते हैं, तो असैनिक अभ्यर्थियों को भी अवसर दिया जाएगा।

फेस-2 अधिकारी एवं कर्मचारी आवास के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अंबेडकरनगर को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है और संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, ईसीएचएस गाटा संख्या-940 (मोहसिनपुर मंसूरपुर) की पैमाइश के लिए एक समिति गठित की गई है। संबंधित कल्याण कार्यकर्ता को लेखपाल से समन्वय कर पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए हैं।