LATEST NEWS

अंबेडकरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 34 नमूने जांच के लिए भेजे गए

By PRADEEP SINGH • 2026-05-10 13:11 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
अंबेडकरनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 34 नमूने जांच के लिए भेजे गए

अंबेडकरनगर : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए खाद्य तेल और घी सहित कुल 34 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। अधिकारियों ने लगभग 298 लीटर रिफाइंड राइसब्रान ऑयल को जांच प्रक्रिया के तहत जब्त भी किया।

एफएसडीए टीम ने बसखारी क्षेत्र स्थित दादू किराना स्टोर पर निरीक्षण के दौरान रिफाइंड राइसब्रान ऑयल (सरसोना कड़वा एक्टिव ब्रांड) को जांच के लिए सीज किया। अधिकारियों के अनुसार जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब 36,489 रुपये है। संबंधित नमूने को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, आगरा भेजा गया है।

इसके अलावा अकबरपुर क्षेत्र के खेतान यार्न ट्रेडर्स फतेहपुर पकड़ी से कच्ची घानी सरसों तेल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और पामोलीन ऑयल के नमूने लिए गए। जगत किराना स्टोर शहजादपुर से फॉर्च्यून ब्रांड सोयाबीन तेल तथा वर्मा ब्रदर्स पटेलनगर से गोल्डनट ब्रांड मूंगफली तेल के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।

इसी क्रम में वीर शिवाजी इंटरप्राइजेज कचेहरी रोड से पतंजलि ब्रांड सरसों तेल, बाछुका ट्रेडर्स शहजादपुर से अनिक ब्रांड घी, देवांग ट्रेडिंग कंपनी से न्यूट्रीप्लस ब्रांड पामोलिन ऑयल, जलालपुर स्थित अंशिका ट्रेडर्स से पतंजलि ब्रांड घी और सनफ्लावर ऑयल के नमूने लिए गए।

कृष्णा ट्रेडर्स सराय चौक जलालपुर से अनिक ब्रांड घी तथा विवेक ट्रेडर्स सुरहुरपुर मार्ग से तिल तेल और नारियल तेल के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए।

सहायक आयुक्त Shravan Kumar Tripathi ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी उत्पाद में मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।