LATEST NEWS

अज्ञात व्यक्ति के शव का किया अंतिम संस्कार, सेवा परमो धर्म ग्रुप ने निभाया मानवता का धर्म

By KAMLESH SWARNKAR • 2026-06-10 12:14 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
अज्ञात व्यक्ति के शव का किया अंतिम संस्कार, सेवा परमो धर्म ग्रुप ने निभाया मानवता का धर्म

सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय पर सेवा एवं समर्पण भाव से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा सेवा परमो धर्म ग्रुप जरूरतमंदों की सहायता के साथ-साथ लावारिस एवं अज्ञात शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार का कार्य भी लगातार कर रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को ग्रुप के सदस्यों ने खैरदा मोक्षधाम में एक अज्ञात व्यक्ति के शव का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का शव तीन दिन पूर्व प्रकाश टॉकीज के समीप रेलवे लाइन के पास मिला था। पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए गए, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद सेवा परमो धर्म ग्रुप ने मानवता का परिचय देते हुए शव का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया।

अंतिम संस्कार के दौरान समाजसेवी महेश गुप्ता ने मृतक को मुखाग्नि दी तथा संस्कार से संबंधित समस्त खर्च स्वयं वहन किया।

इस अवसर पर रामगोपाल सिंघल, बाबूलाल बैरवा, सीताराम शर्मा, राजकुमार जैन सहित ग्रुप के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं जीआरपी थाना के एएसआई कैलाश एवं पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहा।

सेवा परमो धर्म ग्रुप द्वारा किए जा रहे ऐसे सेवा कार्यों की आमजन सराहना कर रहे हैं। ग्रुप के सदस्य मानवता की सेवा को अपना धर्म मानते हुए निरंतर समाजहित के कार्यों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।