LATEST NEWS

9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की चतुर्थ बैठक संपन्न

By ANKIT PAHARIYA • 2026-04-25 11:06 • 3 views   Share WhatsApp Share Facebook Share X
9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की चतुर्थ बैठक संपन्न
चित्रकूट । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वाधान में 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को प्रभावी रूप से सफल बनाने के लिए शेषमणि शुक्ला जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में एवं राममणि पाठक अपर जिला जज एफ.टी.सी. नोडल अधिकारी लोक अदालत, वर्णिका शुक्ला अपर सिविल जज (सी.डि.) सहायक नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत की उपस्थिति में जनपद के प्रशासनिक विभागों में नियुक्त कार्यरत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों की चतुर्थ चरण की बैठक संपन्न हुई। इला चैधरी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बताया गया कि अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश द्वारा आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर निस्तारण के लिए बल दिया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक वाद, मोटर एक्सीडेंट क्लेम वाद, श्रम वाद, बैंक वसूली वाद, विद्युत अधिनियम और जल वाद, सर्विस मैटर्स, पारिवारिक वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण वाद, राजस्व व चकबन्दीवाद, किरायेदारी वाद, सुखाधिकार वाद, स्थायी निषेधाज्ञा व सिविल वाद, मनी वसूलीवाद, विनिर्दिष्ट अनुतोष वाद, मोटर वाहन ई-चालान लघु आपराधिक वादों, श्रमवाद, प्री-लिटिगेशन के माध्यम से ऐसे वाद जो अभी न्यायालय के समक्ष नही आए हैं (विशेषकर पारिवारिक मामले), उपभोगता फोरम तथा आर्बिट्रेशन सम्बन्धित वादों का निस्तारण किया जाना है। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से यह अपेक्षा की गयी कि वे अपने विभागों से सम्बन्धित समस्त ऐसे मामले, जिनकों लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित किया जा सके, को अधिक से अधिक चिन्हित कर उनमें पक्षकारों को कम से कम दो बार नोटिस तामीला कराते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित करने का प्रयास करें। बैठक में डाॅ. वैभव त्रिपाठी जिला समाज कल्याण अधिकारी, सुरेन्द्र कुमार जिला सूचना अधिकारी, बी.के. शर्मा बेसिक शिक्षा अधिकारी, पवन त्यागी प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, प्रमोद कुमार जी.एस.टी. चित्रकूट, अखिलेन्द्र बहादुर सिंह जिला आबकारी अधिकारी, भानू चन्द्रा सहायक आयुक्त मत्स्य, शारदा प्रसाद प्रबन्धक दुग्ध डेरी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपद में कार्यरत पैरालीगल वालेण्टियर्स की बैठक आहूत की गयी। बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्रकूट द्वारा समस्त पैरालीगल वालेण्टियर्स को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दिन प्रतिदिन विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजन कर उनकी फोटोग्राफ्स प्रेषित किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है, जिसके क्रम में समस्त पैरालीगल वालेण्टियर्स द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करते हुए आख्यामय फोटोग्राफ्स कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे आम-जनमानस को विधिक व कानूनी जानकारी प्रसारित हो सके तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन हो सके। ---------------------------------------